Press Releases

Ranchi, March 01, 2016: झारखंड केन्द्रीय विश्वविद्यालय में स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बोलते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नंद कुमार यादव इंदू ने कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों में टेलैंट की कोई कमी नहीं है इसीलिए छात्र-छात्राएं देशभर में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। विश्वविद्यालय आने वाले वर्षों में नया मुकाम हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।

दिनभर चले स्थापना दिवस समारोह का आरंभ सुबह विद्यार्थियों की मैराथन दौड़ से किया गया। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम से इसका समापन हुआ। खचाखच भरे ऑडिटोरियम में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति दी। हाल ही में तेजपुर विश्वविद्यालय में आयोजित युवा महोत्सव में विश्वविद्यालय की विजेता स्किट नौकर का भी मंचन किया गया। इस मौके पर विश्वविद्यालय के उन सभी खिलाडियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने देशभर में आयोजित विभिन्न खेल प्रतिस्प्रधाओं में विशिष्ट स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के रजिस्टरार प्रो. आर. के. डे, वरिष्ठ प्रोफेसर संतोष तिवारी, विभिन्न स्कूलों के डीन प्रो. एस. के. समदर्शी, डॉ. अशोक कुमार सरकार, डॉ. श्रेया भट्टाचार्य, डॉ. सुचेता सेन चौधरी, डॉ. सतीश कुमार, डॉ. देवव्रत सिंह, डॉ. अजय सिंह समेत अनेक शिक्षक मौजूद थे।    

झारखंड राज्य के पहले और एकमात्र केन्द्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना 2009 में की गयी थी। तब से यह विश्वविद्यालय रांची से 20 किलोमीटर दूर ब्रांबे गांव के निकट अस्थाई परिसर में चल रहा है। विश्वविद्यालय का अपना कैंपस भी बन रहा है। इस समय विश्वविद्यालय के कुल 22 केन्द्रों में विज्ञान, भाषा, मीडिया, प्रबंधन, जनजातीय संस्कृति इत्यादि विषयों संबंधी विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रम चलाये जा रहे हैं। विभिन्न राज्यों से आने वाले लगभग 2200 छात्र-छात्राएं इस विश्वविद्यालय में पढ़ रहे हैं।